डूंगरपुर जिले के मेवाड़ा रोड स्थित बलवाड़ा घाटी पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. एक तेज रफ्तार बाइक ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में ड्यूटी पर जा रही एक महिला कांस्टेबल सहित बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों घायलों का फिलहाल जिला अस्पताल में उपचार जारी है.
सरकारी काम से जा रही थीं महिला कांस्टेबल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेरवाड़ा निवासी मीनाक्षी भगोरा (पत्नी अमृतलाल), जो वर्तमान में रामसागड़ा थाने में महिला कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं, मंगलवार शाम करीब 6 बजे स्कूटी से किसी सरकारी कार्य के सिलसिले में डूंगरपुर शहर जा रही थीं. जैसे ही वह मेवाड़ा रोड पर बलवाड़ा घाटी के पास पहुंचीं, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
बाइक सवारों की लापरवाही पड़ी भारी
हादसे के वक्त बाइक पर बोरतलाब (गलंदर) निवासी प्रकाश डामोर और उसका चचेरा भाई बंसीलाल डामोर सवार थे. ये दोनों युवक डूंगरपुर से अपने गांव की ओर लौट रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार काफी लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहे थे, जिसके कारण ढलान और मोड़ पर वे बाइक को नियंत्रित नहीं कर पाए और सीधे स्कूटी से जा भिड़े.
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए. घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायल युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया. वहीं, घायल महिला कांस्टेबल मीनाक्षी को विभाग के सरकारी वाहन की मदद से अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, तीनों को शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
रामसागड़ा थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया गया है.

