उदयपुर शहर के नाई थाना क्षेत्र में आपसी परिचय ही हिंसा में बदल गया, जहां एक युवक पर उसके ही परिचित ने जानलेवा हमला कर दिया. हमले में घायल युवक का सिर फट गया, जिसे गंभीर अवस्था में एमबी हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
फोन कर बुलाया और कर दिया हमला
जानकारी के अनुसार, चंपा कॉलोनी निवासी भंवरलाल तेली ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 2 मई को दोपहर करीब 2:00 बजे उसके परिचित हीरा रावत ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया. भंवरलाल अपने एक अन्य साथी मदन तेली के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचा. वहां पहुंचते ही बिना किसी बहस या कारण के हीरा रावत ने अचानक बीयर की बोतल से भंवरलाल के सिर पर जोरदार हमला कर दिया.
बीच-बचाव से बची जान
हमले में भंवरलाल के सिर के पिछले हिस्से में गहरा घाव हो गया और अत्यधिक खून बहने लगा. मौके पर मौजूद मदन तेली ने तुरंत बीच-बचाव किया, जिससे आरोपी और अधिक वार नहीं कर पाया. हमले के बाद घायल भंवरलाल हिम्मत जुटाकर अपनी स्कूटी से खुद ही एमबी हॉस्पिटल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ट्रॉमा इमरजेंसी में भर्ती किया.
पुलिस की कार्रवाई
अस्पताल से मिली सूचना के बाद नाई थाने के एएसआई हरिराम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए. भंवरलाल की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जानलेवा हमले की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. मामले की विस्तृत तफ्तीश एएसआई निसार मोहम्मद को सौंपी गई है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया है.

