बांसवाड़ा राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा अपने एक दिवसीय दौरे पर बांसवाड़ा पहुंचे. इस दौरान उन्होंने जिले के लिए एक महत्वाकांक्षी परियोजना ‘चंदन वन’ की कार्ययोजना की समीक्षा की और प्रस्तावित साइट का भौतिक निरीक्षण किया. इस परियोजना से बांसवाड़ा की पहचान अब चंदन की खुशबू से भी होगी.

झांतला गांव में लगेगा चंदन का विशाल बाग
वन विभाग के डीएफओ अभिषेक शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश के सिरोही, उदयपुर और बांसवाड़ा जिलों को चंदन वन विकसित करने के लिए चुना गया है. बांसवाड़ा रेंज के झांतला गांव स्थित झांतलिया वन खंड में लगभग 11 हजार चंदन के पौधे रोपे जाएंगे.
डीएफओ ने बताया कि इस क्षेत्र की मिट्टी और वातावरण चंदन के लिए अनुकूल है और यहां प्राकृतिक रूप से भी चंदन उगता है. विभाग ने बजट का प्रस्ताव भेज दिया है और इसी मानसून सत्र में वृक्षारोपण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा.
सादगी: जमीन पर बैठकर ग्रामीणों के साथ किया भोजन

दौरे के दौरान मंत्री संजय शर्मा की सादगी ने सभी का दिल जीत लिया. वे शिवपुरा की पटेल बस्ती में रघु भाई पटेल के घर पहुंचे और बिना किसी तामझाम के जमीन पर बैठकर ग्रामीणों के साथ सादा भोजन किया. उन्होंने परिवार के बच्चों से लाड-प्यार किया और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया.
40 साल का दर्द: पट्टों के लिए लगाई गुहार
भोजन के बाद मंत्री ने जब जनसुनवाई की, तो विस्थापितों का दर्द छलक पड़ा. ग्रामीणों ने बताया कि वे 1981-82 में माही बांध डूब क्षेत्र से विस्थापित होकर यहां आए थे, लेकिन 40 साल बाद भी उन्हें जमीन के पट्टे नहीं मिले हैं. पट्टों के अभाव में वे कई सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं. इसके अलावा ग्रामीणों ने नरेगा में काम की कमी और पेंशन संबंधी समस्याओं से भी अवगत कराया.
निरीक्षण के दौरान गढ़ी विधायक कैलाश मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, डीएफओ अभिषेक शर्मा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

