राजस्थान में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए प्रदेशव्यापी विशेष निरोधात्मक अभियान छेड़ रखा है. आबकारी आयुक्त नमित मेहता के सीधे निर्देशन में विभाग की टीमों ने पिछले एक सप्ताह में प्रदेश के विभिन्न जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध मदिरा निर्माण और तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त किया है.
787 अभियोग दर्ज, लाखों की शराब जब्त
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने बताया कि 1 से 7 मई 2026 तक चले इस विशेष अभियान के तहत पूरे प्रदेश में कुल 787 अभियोग दर्ज किए गए हैं. इस दौरान विभाग ने भारी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की है, जिसमें शामिल है:
- देशी मदिरा: 3525 लीटर (कीमत लगभग 9.45 लाख रुपये)
- विदेशी मदिरा (IMFL): 841 लीटर (कीमत लगभग 8.39 लाख रुपये)
- बीयर: 1393 लीटर (कीमत लगभग 3.75 लाख रुपये)
- हथकड़ शराब: 4750 लीटर जब्त और 1,77,217 लीटर वॉश मौके पर नष्ट किया गया.
अभियान के दौरान पुलिस और आबकारी टीमों ने तस्करी में प्रयुक्त 21 वाहनों (8 बड़े वाहन, 2 चार पहिया और 11 दुपहिया) को जब्त किया है और कुल 252 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है.
जिलों में बड़ी कार्रवाई: चित्तौड़गढ़ से जोधपुर तक हड़कंप
- चित्तौड़गढ़: हाईवे 48 पर राती मंगरी में दुकानों की तलाशी के दौरान 8 ड्रमों में भरा 1600 लीटर स्प्रिट बरामद किया गया.
- भरतपुर व डीग: अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में दबिश देकर अंग्रेजी व देशी शराब के पव्वों सहित 68 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। यहाँ दो पुराने फरार आरोपियों को भी दबोचा गया.
- भिवाड़ी (बहरोड़): जेनेसिस मॉल स्थित ‘स्काई बार’ पर छापेमारी कर हरियाणा मार्क की अवैध शराब और बीयर बरामद की गई.
- झालावाड़: चौमहला क्षेत्र में 10 हजार लीटर वॉश नष्ट कर 110 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई.
सख्ती जारी रहेगी
आबकारी आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी जोनों और जिलों में नाकाबंदी, गश्त और रेड की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी. अतिरिक्त आबकारी आयुक्तों और जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अन्य राज्यों से होने वाली शराब तस्करी और अवैध बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए.

