Headlines

उदयपुर: प्रेम विवाह से नाराज लोगों ने बीच सड़क युवक को घेरा, जान बचाने दुकान में घुसा तो वहां भी की तोड़फोड़ और मारपीट

उदयपुर शहर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सरेराह मारपीट और गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. माली कॉलोनी 100 फीट रोड पर कार और बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. युवक अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे एक कपड़े की दुकान में जा घुसा, लेकिन हमलावरों ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा और दुकान में तोड़फोड़ करते हुए मारपीट जारी रखी.

शादी से नाराज पक्ष ने किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, हमले का कारण प्रेम प्रसंग और अंतरजातीय विवाह बताया जा रहा है. पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी प्रेमिका से 16 मार्च 2026 को प्रेम विवाह किया था. इस शादी से युवती के परिजन और समाज के कुछ लोग खासे नाराज चल रहे थे. सोमवार शाम जब युवक अपनी गाड़ी की तकनीकी खराबी ठीक कराने जा रहा था, तभी ब्रेजा कार और बाइक पर सवार होकर आए हमलावरों ने उसे घेर लिया.

दुकान में घुसकर मचाया उत्पात

हमलावरों को देख युवक अपनी जान बचाने के लिए पास ही की एक कपड़े की शॉप में भागा. आरोपी भी दुकान के अंदर घुस गए और युवक को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया. इस दौरान दुकान के सामान और फर्नीचर में भी तोड़फोड़ की गई. शोर शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए. जब लोगों ने पुलिस को बुलाने की बात कही और युवक को बचाने का प्रयास किया, तो हमलावर मौके से फरार हो गए.

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही हिरण मगरी थाने के एसआई मोहन सिंह और कॉन्स्टेबल रामवतार मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. थानाधिकारी रविंद्र चारण ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *