उदयपुर गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर गुरुवार को एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला. अंबेरी पुलिया के पास एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे मिनी ट्रक (407 गाड़ी) में पीछे से जा घुसी. यह भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है.
जंप पर ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब देबारी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अंबेरी पुलिया के पास पहुँची. हाईवे पर बने एक जंप (स्पीड ब्रेकर) पर टेंट के सामान से भरी 407 गाड़ी के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए. पीछे से आ रही कार की गति इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सीधे मिनी ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी.
दो की मौके पर मौत, एक अस्पताल में भर्ती
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही सुखेर थानाधिकारी भरत योगी मय जाब्ता और एंबुलेंस मौके पर पहुँचे. पुलिस ने ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही सांसें थम गई थीं, वहीं एक गंभीर घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग झालावाड़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
फरार चालक की तलाश जारी
हादसे के तुरंत बाद मिनी ट्रक का चालक मौका पाकर फरार हो गया. सुखेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू करवाया है. पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

