राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. 5 करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में फरार कुख्यात तस्कर उस्मान खान पठान के अवैध साम्राज्य को ध्वस्त करते हुए प्रशासन ने उसके आलीशान फार्म हाउस और अस्तबल पर बुलडोजर चला दिया.
सरकारी जमीन पर किया था कब्जा
मामला अरनोद थाना क्षेत्र के देवल्दी गांव का है. बीती 21 फरवरी को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और केमिकल बरामद किया था. जांच में सामने आया कि इस काले कारोबार का मास्टरमाइंड देवल्दी निवासी उस्मान खान पठान है, जो फिलहाल फरार चल रहा है. जांच के दौरान खुलासा हुआ कि उस्मान ने देवल्दी में करीब 5 हजार वर्ग फीट सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर अपना फार्म हाउस और अस्तबल बना रखा था.
पौने तीन करोड़ की संपत्ति पहले ही हो चुकी है फ्रीज
तस्करी की काली कमाई से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस इससे पहले उस्मान खान की करीब पौने तीन करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर चुकी है. इसमें महंगी नस्ल के अरबी घोड़े, विदेशी कुत्ते और भैंसें शामिल थीं. जांच में यह भी सामने आया है कि उस्मान के नाम पर कोई कृषि भूमि या वैध आय का साधन नहीं है। वह एमपी के मंदसौर में कॉलेज की पढ़ाई के बहाने तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा था.
भारी पुलिस जाब्ते के बीच ढहाया अवैध निर्माण
एसपी बी. आदित्य के निर्देशन में अरनोद तहसीलदार नितिन मेरावत, एएसपी बलवीर सिंह और डीएसपी चंद्रशेखर पालीवाल की मौजूदगी में राजस्व टीम ने पहले जमीन की नपती की. इसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया. इस कार्रवाई से इलाके के तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार तस्कर की तलाश जारी है और नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

