डूंगरपुर जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आज कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष व डूंगरपुर विधायक गणेश घोगरा की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा सहित जिला संगठन, ब्लॉक और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति, धरातल पर संगठन को मजबूत करने और जिले के ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई.
बुनियादी सुविधाओं की किल्लत और महंगाई पर निशाना
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक गणेश घोगरा ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिले में पानी, बिजली और बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता में हाहाकार मचा हुआ है. भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है. डूंगरपुर में पेयजल संकट इस कदर गहरा गया है कि लोग कलेक्ट्रेट पर धरना देने को मजबूर हैं, वहीं अघोषित बिजली कटौती से जनता में भारी आक्रोश है. मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं में भी स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है.
ई-मित्र संचालकों द्वारा अवैध वसूली का मुद्दा गरमाया
विधायक घोगरा ने आमजन की केवाईसी (KYC) प्रक्रिया में हो रही देरी और अव्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि सर्वर और सिस्टम की खामियों के कारण लोगों को बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं. इस अव्यवस्था का फायदा उठाकर कई ई-मित्र संचालक गरीब जनता से दोबारा केवाईसी करने के नाम पर अवैध वसूली कर सरेआम लूट मचा रहे हैं, जिस पर प्रशासन का कोई नियंत्रण नहीं है.
बड़े जन-आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ धरातल पर उतरें और जनता की आवाज बनें. विधायक घोगरा ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार ने अपनी जनविरोधी नीतियों, बुनियादी समस्याओं और महंगाई पर लगाम नहीं लगाई, तो कांग्रेस पार्टी जल्द ही सड़कों पर उतरकर एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा करेगी.

