बांसवाड़ा जिले की चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा स्वास्थ्य योजनाओं में गति लाने के लिए मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोनू कुमारी, सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ सहित विभाग के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे.
‘स्टॉप डायरिया कैंपेन’ की शुरुआत
बैठक से पहले जिला कलेक्टर ने आंगनवाड़ी के बच्चों को ओआरएस (ORS) का घोल पिलाकर जिले में ‘स्टॉप डायरिया कैंपेन’ का विधिवत शुभारंभ किया.
लापरवाही पर गाज गिरना तय, BCMO करेंगे मॉनिटरिंग
कलेक्टर डॉ. यादव ने चिकित्सा क्षेत्र की जमीनी हकीकत सुधारने के लिए कड़े निर्देश दिए. अब आशा और एएनएम को घर-घर विजिट का रिकॉर्ड एक रजिस्टर में दर्ज कर सेक्टर मीटिंग में लाना अनिवार्य होगा. ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO) इस रिकॉर्ड का बारीकी से विश्लेषण करेंगे, जिससे हर गांव की वास्तविक स्वास्थ्य परिस्थितियों का सटीक आकलन हो सके.
सीएमएचओ की दो टूक: छुट्टी से काम प्रभावित हुआ तो खैर नहीं
सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी कर्मचारी की छुट्टी से आम जनता का काम नहीं रुकना चाहिए. प्रभारी तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था के लिए चार्ज सौंपें. उन्होंने लाडो प्रोत्साहन और जननी सुरक्षा योजना में 90% से अधिक अचीवमेंट हासिल करने के निर्देश दिए और एचपीवी वैक्सीन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई.
बैठक के अन्य महत्वपूर्ण निर्णय:
- ‘मां’ योजना: एडिशनल सीएमएचओ डॉ. भरतराम मीणा ने क्लेम बुकिंग में विसंगति दूर करने के लिए अब मरीज का फोटो लगाना अनिवार्य कर दिया है.
- HPV टीकाकरण: आरसीएचओ डॉ. दिनेश कुमार भापोर ने स्कूल खुलते ही 10 दिनों के भीतर छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण पूरा करने के निर्देश दिए.
- आभा आईडी: जिला कार्यक्रम प्रबंधक ललित सिंह झाला के सुझाव पर अब अस्पताल की ओपीडी पर्ची कटते समय ही काउंटर पर मरीज की ‘आभा आईडी’ बनाई जाएगी.
बैठक में डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि डॉ. अक्षय व्यास ने नियमित टीकाकरण की समीक्षा की. इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीके वर्मा सहित कई चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे.

