डूंगरपुर वागड़ अंचल की प्रतिभाएं देश-दुनिया में अपनी अनूठी सोच का लोहा मनवा रही हैं. इसी कड़ी में डूंगरपुर की 13 वर्षीय छात्रा किम भारतीय ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली किम ने देश के प्रधानमंत्री के विशेष विमान ‘एयर इंडिया वन’ (Air India One) पर अंकित राष्ट्रीय प्रतीक ‘अशोक स्तंभ’ में एक बड़ी तकनीकी चूक पकड़ी है. देश की गरिमा को ध्यान में रखते हुए किम ने सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को पत्र लिखकर इसे सुधारने का सुझाव भेजा है.
क्या है पूरा मामला? किम ने कैसे पकड़ी चूक?
सजग और खोजी प्रवृत्ति की किम भारतीय ने गौर किया कि जब प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं पर जाते हैं और विमान का मुख्य दरवाजा खुलता है, तो विमान की बॉडी पर अंकित राष्ट्रीय प्रतीक ‘अशोक स्तंभ’ का एक हिस्सा उस दरवाजे के पीछे छिप जाता है. किम का मानना है कि ‘अशोक स्तंभ’ हमारे देश की आन-बान और शान है. जब विदेशी धरती पर विमान का गेट खुले, तो हमारा राष्ट्रीय प्रतीक अधूरा नहीं, बल्कि पूरी तरह और स्पष्ट दिखना चाहिए. इसी उद्देश्य के साथ किम ने 15 जून को सीधे पीएमओ को पत्र लिखकर इसे सही जगह पर री-लोकेट (विस्थापित) करने का बेहतरीन सुझाव दिया.
छोटी उम्र, बड़े सरोकार: पहले भी बटोर चुकी हैं सुर्खियां
किम भारतीय सिर्फ पढ़ाई में ही तेज नहीं हैं, बल्कि वे इतनी कम उम्र में सामाजिक सरोकारों से भी गहराई से जुड़ी हुई हैं. वे लगातार सड़क सुरक्षा (Road Safety) और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रही हैं. उनकी इस पैनी नजर और राष्ट्र गौरव के प्रति संवेदनशीलता को देखकर हर कोई हैरान है.

