गुजरात के वडोदरा शहर स्थित कोटांबी स्टेडियम के पास बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. वागड़ अंचल (बांसवाड़ा-डूंगरपुर) से सूरत की ओर जा रही बालाजी ट्रैवल्स की एक लग्जरी स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई. इस भीषण टक्कर में अब तक 7 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें एक 9 वर्षीय मासूम बालक भी शामिल है. वहीं, हादसे में डूंगरपुर और बांसवाड़ा क्षेत्र के 31 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
टक्कर इतनी भीषण कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह उस समय हुआ जब बस वडोदरा के पास से गुजर रही थी. तभी अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार बस हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया. चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े. अंचल के कई यात्री बस के क्षतिग्रस्त मलबे के अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे.
SDRF और NDRF ने किया रेस्क्यू, घायलों की हालत नाजुक
हादसे की भयावहता को देखते हुए तत्काल पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF) और वडोदरा फायर विभाग की टीमों को मौके पर बुलाया गया. बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस को कटर से काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. सभी 31 घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए वडोदरा के एसएसजी (SSG) अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है.
हाईवे पर लगा लंबा जाम, जांच में जुटी पुलिस
इस भीषण दुर्घटना के चलते हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. पुलिस और प्रशासन की टीमों ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया. वडोदरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना या बस की अत्यधिक रफ्तार मानी जा रही है.

