डूंगरपुर शहर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के सफल वर्षों, विकास और जनकल्याण को समर्पित ‘विकसित भारत प्रबुद्धजन सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला.
कार्यक्रम में उनके साथ उदयपुर लोकसभा सांसद व संभाग प्रभारी मन्नालाल रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक रणोली, सागवाड़ा विधायक शंकर देचा और पूर्व राज्य मंत्री सुशील कटारा सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन मौजूद रहे.
राजीव गांधी के बयान का दिया हवाला
अपने संबोधन में सतीश पूनिया ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि एक दौर था जब दिल्ली से भेजे गए 1 रुपये में से सिर्फ 15 पैसे ही गरीब आदिवासी तक पहुंच पाते थे, बीच के 85 पैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे. लेकिन आज मोदी सरकार में देश के 18 करोड़ खातों में सीधा (DBT) पैसा जा रहा है, जिससे बिचौलियों का राज खत्म हो गया है.
कांग्रेस की नीतियों पर उठाए सवाल
पूनिया ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिन्होंने देश पर 55 साल तक राज किया, वे आज बेरोजगारी, शिक्षा नीति और गरीबों के कल्याण की बात कर रहे हैं और भाजपा पर झूठे आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की आस्था पर सवाल उठाने वालों को भी आड़े हाथ लिया और कहा कि इसी का परिणाम था कि जनता एकजुट हुई. पूनिया ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण और जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाए जाने को देश की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया.
चुटीले अंदाज में की टिप्पणियां
भाषण के दौरान सतीश पूनिया अपने चिरपरिचित चुटीले अंदाज में भी नजर आए. उन्होंने पूर्व जिला प्रमुख सूर्या आहरी के जिला प्रमुख बनने के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र कर सबको लोटपोट कर दिया. वहीं सांसद मन्नालाल रावत पर टिप्पणी करते हुए उन्हें एक ही फिल्म के दो किरदार बताया, जो पहले एक कुशल अधिकारी थे और अब एक जननेता हैं.

