बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र के खोरा पाड़ा फेपर गांव में मंगलवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहाँ खेत में खड़े ट्रैक्टर के पास खेल रहे एक 4 वर्षीय मासूम बच्चे के ऊपर लोहे की भारी-भरकम कल्टीवेटर (कल्टी) गिर गई. कल्टीवेटर के नीचे दबने से बच्चे के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे के बाद से मासूम के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है.
खेलते-खेलते अचानक मासूम पर गिरा कल्टीवेटर
मृतक बच्चे के बड़े चाचा लक्ष्मण ने बताया कि मंगलवार को 4 वर्षीय भावेश पुत्र मुकेश, निवासी खोरा पाड़ा फेपर, अपने घर के पास खेत में खड़े एक ट्रैक्टर के नजदीक दो अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. ट्रैक्टर के पीछे लोहे की भारी-भरकम कल्टीवेटर (कल्टी) बंधी हुई थी. किसी कारणवश वह कल्टीवेटर ऊपर से खुली या ढीली रह गई थी.
बच्चे जब खेल रहे थे, तभी अचानक वह भारी-भरकम लोहे का ढांचा सीधे मासूम भावेश के ऊपर आ गिरा. हादसे को देखकर साथ में खेल रहे दोनों बच्चे बुरी तरह डर गए और वहां से भाग निकले. कल्टीवेटर के भारी वजन के नीचे दबने से भावेश के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
घटना का पता चलते ही बदहवास परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और मासूम को संभालते हुए दोपहर करीब साढ़े 3 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), छोटी सरवन लेकर भागे. परिजन उम्मीद लगाए बैठे थे कि उनका लाडला बच जाएगा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम भावेश दम तोड़ चुका था।.अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

