बांसवाड़ा सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के इटाला गांव में एक पति ने चरित्र शंका और अवैध संबंधों के शक में अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी और लट्ठ से बेरहमी से वार कर हत्या कर दी. दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.

दूसरी ओर, क्षेत्र में हो रही लगातार तेज बारिश और उदयपुर से एफएसएल (FSL) टीम के देरी से पहुंचने के कारण मृतका का पोस्टमार्टम घटना के तीसरे दिन यानी रविवार को ही संभव हो सका.
मायके जा रही पत्नी को रास्ते में रोककर उतारा मौत के घाट
थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि इटाला निवासी अलकेश गरासिया का अपनी 32 वर्षीय पत्नी शोभा के साथ लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था. अलकेश को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके कारण घर में आए दिन झगड़े होते थे. शुक्रवार दोपहर को भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर भारी विवाद हुआ. पति के रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर शोभा अपने मायके जाने के लिए घर से निकल गई.
तभी गुस्से में आगबबूला होकर अलकेश ने उसे रास्ते में ही रोक लिया. आवेश में आकर उसने शोभा पर कुल्हाड़ी और भारी लट्ठ से ताबड़तोड़ वार कर दिए. लहूलुहान हालत में परिजन शोभा को तुरंत सज्जनगढ़ अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बांसवाड़ा रेफर किया गया. लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गहरे घावों के कारण अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
तेज बारिश और FSL टीम के इंतजार में 3 दिन बाद हुआ पोस्टमार्टम
शुक्रवार शाम को हुई इस जघन्य हत्या के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका. पुलिस के अनुसार, उदयपुर से आने वाली फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम के समय पर न पहुंचने और क्षेत्र में जारी मूसलाधार बारिश के चलते साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में देरी हुई. इसके बाद रविवार दोपहर को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया गया. फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी अलकेश से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व लट्ठ की बरामदगी और वारदात के अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ कर रही है.

