Headlines

उदयपुर: गोगुंदा नांदेशमा-ढोल मार्ग पर दीवार पर बैठा दिखा पैंथर, वीडियो वायरल

उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है. क्षेत्र के नांदेशमा-ढोल मार्ग पर एक बार फिर वन्यजीव पैंथर (लेपर्ड) की मूवमेंट देखने को मिली है. यहां स्थित प्रसिद्ध चामुंडा माता मंदिर के समीप एक पैंथर सड़क किनारे बनी दीवार पर आराम से बैठा हुआ दिखाई दिया. हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसके बाद से यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

राहगीरों ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, बड़गांव निवासी नयन श्रीमाली अपने भाई शैलेश श्रीमाली के साथ गोगुंदा से अपने गांव की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान नांदेशमा-ढोल मार्ग पर चामुंडा माता मंदिर के पास अचानक उनकी नजर दीवार पर बैठे पैंथर पर पड़ी. दोनों भाइयों ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को सुरक्षित दूरी पर रोका और अपने मोबाइल से पैंथर का वीडियो बना लिया. वीडियो में पैंथर पूरी तरह शांत मुद्रा में दीवार पर बैठा हुआ नजर आ रहा है. यह वीडियो जैसे ही स्थानीय वॉट्सऐप ग्रुप्स और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वैसे ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया.

1 साल से मूवमेंट, लेकिन नहीं किया किसी पर हमला

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरे इलाके में पिछले करीब एक साल से पैंथर्स की लगातार मूवमेंट देखी जा रही है. अरावली की पहाड़ियों से सटे होने के कारण अक्सर वन्यजीव आबादी क्षेत्र या रास्तों के करीब आ जाते हैं. हालांकि, राहत और गनीमत की बात यह रही है कि इस पैंथर ने आज तक क्षेत्र में किसी भी इंसान या मवेशी पर हमला नहीं किया है. वह अक्सर शांत स्वभाव में दिखता है और कुछ देर बाद वापस जंगलों की तरफ लौट जाता है.

ग्रामीणों ने वन विभाग से की सुरक्षा की मांग

भले ही पैंथर ने अब तक किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया है, लेकिन सड़कों और धार्मिक स्थलों के पास इसकी बार-बार मौजूदगी से ग्रामीण और राहगीर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है. कि इस क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए, साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में किसी भी तरह के टकराव या हादसे को टाला जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *