राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ एक कलयुगी बेटी ने अपने ही पिता की हत्या करवाने के लिए ₹5 लाख की सुपारी दे डाली. इतना ही नहीं, साजिश को अंजाम देने के लिए वह घर में रखा करीब 55 तोला सोना भी समेट कर फरार हो गई. पीड़ित पिता की शिकायत और कोर्ट/एसपी के दखल के बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कार चालक ने किया बड़ा खुलासा
गढ़ी निवासी पीड़ित पिता अजीज पुत्र सिद्धिक शेख ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बीती 25 मई को वह हिम्मतनगर जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़े थे. इसी दौरान बांसवाड़ा निवासी कार चालक सिकंदर आया और उन्हें कार में बैठा लिया. हिम्मतनगर पहुँचने पर चालक सिकंदर का जमीर जाग गया और उसने अजीज को एक खौफनाक सच बताया. सिकंदर ने खुलासा किया कि गढ़ी निवासी महिला नीता भाटिया और अजीज की खुद की बेटी आशमा ने उनकी हत्या के लिए ₹5 लाख की सुपारी दी है.
शव पर कार चढ़ाकर सिर कुचलने की थी प्लानिंग
चालक ने बताया कि नीता भाटिया ने उससे कहा था कि हत्या के बाद शव पर कार चढ़ाकर सिर कुचल देना और उसकी फोटो भेजना, तभी सुपारी की रकम मिलेगी. हालांकि, चालक ने हत्या करने से इनकार कर दिया और केवल सुपारी के पैसे ऐंठने के लिए अजीज की फोटो खींचकर आरोपियों को भेजने की बात कही. इसके बाद वह अजीज को वापस सुरक्षित परतापुर छोड़ गया.
रोक-टोक से परेशान थी बेटी, सहेली संग रची साजिश
घर लौटकर जब पिता ने बेटी आशमा से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने गुनाह कबूल कर लिया. आशमा ने कहा कि वह अपनी मर्जी से जिंदगी जीना चाहती थी और पिता की रोक-टोक से परेशान थी. आरोप है कि नीता भाटिया ने आशमा को उकसाया और दोनों ने मिलकर घर में रखा 55 तोला सोना गायब कर दिया. पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने 11 जून को ही गढ़ी थाने में शिकायत दी थी, लेकिन तब कार्रवाई नहीं हुई. अब मामला दर्ज होने के बाद थानाधिकारी रमेश मीणा इस हाई-प्रोफाइल मामले की गहन जांच कर रहे हैं.

