Headlines

डूंगरपुर: डूंगर सारण गांव में मिला उदयपुर के युवक का शव; प्रेमिका और उसके प्रेमी पर हत्या का संगीन आरोप

डूंगरपुर जिले के कुंआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डूंगर सारण गांव में एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल के जरिए उदयपुर जिले के फलासिया निवासी सुनील कुमार भगोरा के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचित किया. जिसके बाद डूंगरपुर पहुंचे मृतक के भाई ने प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या का आरोप लगाते हुए कुंआ थाने में नामजद मामला दर्ज कराया है.

साजिश के तहत घर से बुलाने का आरोप

मृतक के भाई कमलेश कुमार भगोरा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सुनील बीती 1 जुलाई को सुबह करीब 11:00 बजे किसी काम का कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. अगले दिन 2 जुलाई की सुबह टीना अहारी नाम की एक लड़की ने गांव के ही दिलीप भगोरा के मोबाइल पर फोन किया और सुनील से बात करवाने को कहा. इसके बाद जब दिलीप ने दोबारा उस नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो किसी ने फोन नहीं उठाया. इसी बीच दोपहर को कुंआ थाना पुलिस ने परिजनों को डूंगर सारण गांव में सुनील का शव मिलने की सूचना दी। प्रार्थी का सीधा आरोप है कि टीना ने ही साजिश रचकर सुनील को अपने पास बुलाया था.

प्रेमी दे रहा था जान से मारने की धमकी

कमलेश ने पुलिस के सामने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि सुनील ने घर पर पहले ही जानकारी दी थी कि टीना अहारी का कथित प्रेमी उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा है. पीड़ित भाई का आरोप है कि टीना अहारी, उसके प्रेमी और उनके परिवार वालों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से सुनील की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को डूंगर सारण गांव में फेंक दिया.

पुलिस को सौंपी तस्वीरें, जांच में जुटी टीम

पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है. सबूत के तौर पर परिजनों ने संदिग्ध आरोपियों की तस्वीरें भी कुंआ थाना पुलिस को सौंप दी हैं. पुलिस ने हत्या की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और कॉल डिटेल्स (CDR) व परिजनों द्वारा दिए गए सुरागों के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *