प्रतापगढ़: छोटीसादड़ी जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 45 किलो 360 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार और एस्कॉर्ट कर रही सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
नाकाबंदी देख कार मोड़ने का प्रयास, दो आरोपी फरार
थाना अधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को बरवाड़ा नाका पर नाकाबंदी कर रखी थी. इसी दौरान अचलपुरा की ओर से एक मोटरसाइकिल और उसके पीछे स्विफ्ट कार आती दिखाई दी. पुलिस ने जब बाइक चालक को रोकने का इशारा किया, तो उसने पीछे आ रही कार को मुड़ने का संकेत दिया. कार चालक ने गाड़ी घुमाने की कोशिश की, लेकिन अचानक कार बंद हो गई. इसका फायदा उठाकर कार चालक और उसमें पीछे बैठा एक अन्य व्यक्ति जंगल की ओर भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने कार में आगे बैठे एक आरोपी को धर दबोचा.
कार की डिक्की से मिले तीन कट्टे
पकड़े गए आरोपी की पहचान गणपतराम (44) पुत्र जगमालाराम विश्नोई, निवासी सांचौर (जालौर) के रूप में हुई है. पुलिस ने जब कार की डिक्की की तलाशी ली, तो उसमें प्लास्टिक के तीन कट्टों में भरा 45.360 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ. वहीं, पुलिस ने मौके से एस्कॉर्ट कर रहे मोटरसाइकिल सवार राहुल (28) पुत्र मेघराज मालवीय, निवासी अचलपुरा (छोटीसादड़ी) को भी गिरफ्तार कर लिया.

