Headlines

उदयपुर: फलासिया में भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई पर्यटकों की कार; एक की मौत, दूसरा गंभीर

उदयपुर जिले के फलासिया थाना क्षेत्र में रविवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58E) पर झाड़ापीपला के पास गुजरात से आए पर्यटकों की एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार दोनों युवक मलबे के बीच ही फंस गए. इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है.

ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर

चश्मदीदों के अनुसार, दुर्घटना के वक्त टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के ग्रामीण तुरंत हाईवे की तरफ दौड़े. कार की हालत देखकर अंदर फंसे युवकों को निकालना आसान नहीं था, जिसके बाद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर कार का दरवाजा तोड़ा और दोनों को बाहर निकाला. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए दोनों को एक निजी वाहन की मदद से तुरंत झाड़ोल उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया.

एक को डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, दूसरा उदयपुर रेफर

झाड़ोल अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दूसरे युवक की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत उदयपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र (एमबी हॉस्पिटल) के लिए रेफर कर दिया गया, जहाँ फिलहाल उसका इलाज जारी है. हादसे का शिकार हुए दोनों युवक गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो उदयपुर घूमने आए थे. मृतक के शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए उदयपुर मोर्चरी में रखवाया गया है.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही फलासिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू करवाया. पुलिस ने पीड़ितों के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या ड्राइवर को झपकी आने की वजह से.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *