Headlines

राजसमंद: बरसाती नाले में जान जोखिम में डालने को मजबूर मासूम, आखिर कब जागेगा प्रशासन?

कुंभलगढ़ विकास के दावों के बीच आज भी ग्रामीण इलाकों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं जो सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. कुंभलगढ़ क्षेत्र के सीताफलों की भागल (कणुजा) से एक बेहद डरावना और हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. यहां बारिश के मौसम में उफनते बरसाती नाले के तेज बहाव को पार कर स्कूली बच्चे अपनी जान हथेली पर रखकर सफर करने को मजबूर हैं.

मानव श्रृंखला बनाकर नाला पार कर रहे नौनिहाल

हाल ही में सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि पानी का बहाव कितना तेज है. इस खतरे के बीच, स्कूली विद्यार्थी और स्थानीय ग्रामीण एक-दूसरे का हाथ पकड़कर, मानव श्रृंखला (ह्यूमन चेन) बनाकर नाले को पार कर रहे हैं. जरा सी चूक या पैर फिसलने पर बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन शिक्षा की चाह और मजबूरी के आगे बच्चे रोज मौत के इस रास्ते से गुजर रहे हैं.

वर्षों पुरानी समस्या, सिर्फ मिले खोखले आश्वासन

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि वर्षों से वे इस प्रशासनिक उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं. हर साल मानसून में गांव का संपर्क कट जाता है. ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन आज तक न तो यहां पुलिया का निर्माण हुआ और न ही कोई सुरक्षित वैकल्पिक रास्ता दिया गया.

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि वे अब और चुप नहीं बैठेंगे. अगर जल्द ही इस बरसाती नाले पर पुल निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा. ग्रामीणों की मांग है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय प्रशासन तत्काल जागकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकाले.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *