Headlines

उदयपुर: 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट का खुलासा, पुलिस ने हत्यारे को उसी के घर से दबोचा

उदयपुर कानोड़ थाना क्षेत्र के कुम्हारों का मोहल्ला में हुई 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला घीसी बाई खटीक की जघन्य हत्या और लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों में वारदात का पर्दाफाश कर आरोपी ईश्वर राव को गिरफ्तार कर लिया है. सोमवार को जब पुलिस आरोपी को सीन रिक्रिएशन (घटनाक्रम दोहराने) के लिए मौके पर लेकर पहुंची, तो वहां मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा.

भीड़ ने लगाए नारे, की फांसी की मांग

आरोपी को घटनास्थल पर देखते ही कुम्हारों का मोहल्ला और आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने ‘आरोपी को फांसी दो’ और मुस्तैदी दिखाने पर ‘पुलिस प्रशासन जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे लगाए. लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई कर उसे कड़ी सजा दिलाने की मांग की है.

आर्थिक तंगी के कारण सोने की मादलिया के लिए ली जान

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ईश्वर राव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. आरोपी ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से भारी आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. शुक्रवार को लालच में आकर वह घीसी बाई के घर में घुसा और उनके गले में पहनी सोने की मादलिया लूटने का प्रयास किया. जब बुजुर्ग महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए चाकू से उनके गले और शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए.

CCTV फुटेज से पकड़ा गया आरोपी

वारदात को अंजाम देकर आरोपी सोने की मादलिया लेकर फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल घीसी बाई को पहले स्थानीय कानोड़ अस्पताल और फिर उदयपुर के महाराणा भूपाल (MB) अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. कानोड़ पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर की सटीक सूचना पर आरोपी को दबोच लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से लूट का माल बरामद करने और अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *