Headlines

बांसवाड़ा: शराब के नशे में युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर लगाई आग, 80% झुलसा

बांसवाड़ जिले के सदर थाना क्षेत्र के पलोदरा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 24 वर्षीय युवक ने शराब के अत्यधिक नशे में खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली. इस आत्मघाती कदम के बाद युवक गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में उदयपुर रेफर किया गया है.

काम से लौटकर उठाया आत्मघाती कदम

जानकारी के अनुसार, पलोदरा निवासी आकाश (24) पुत्र देवु स्थानीय सिंटेक्स मिल में मजदूरी करता है. रोज की तरह वह सोमवार को भी दिन में काम पर गया था और शाम करीब 7 बजे अपने घर लौटा था. घर आने के बाद उसने भारी मात्रा में शराब का सेवन किया. इसके बाद रात करीब 9 बजे उसने अचानक घर में रखे पेट्रोल को अपने ऊपर उड़ेल लिया और माचिस मारकर आग लगा ली. युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.

चीख-पुकार सुन दौड़े परिजन, अस्पताल में मचा हड़कंप

युवक के आग लगाते ही वह लपटों से घिर गया और दर्द से चीखने-चिल्लाने लगा. घर में अचानक हुई इस चीख-पुकार को सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक युवक बुरी तरह झुलस चुका था. परिजन उसे आनन-फानन में जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे तुरंत बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया.

80 फीसदी झुलसी हालत में उदयपुर रेफर

चिकित्सकों के अनुसार, आग की लपटों के कारण युवक का शरीर करीब 80 फीसदी तक झुलस चुका है और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. एमजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रात करीब 12 बजे उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र (एमबी अस्पताल) के लिए रेफर कर दिया. फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और युवक के होश में आने के बाद ही इस आत्मघाती कदम के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *