बांसवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ और ‘ऑपरेशन सुदर्शन चक्र’ के तहत आनंदपुरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने मानगढ़ बॉर्डर के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो कार को रोककर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, बीयर और देशी मदिरा की खेप जब्त की है. पुलिस ने मौके से गुजरात के एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है, जो इस खेप को गुजरात ले जाने की फिराक में था.
मानगढ़ बॉर्डर पर सुबह-सुबह पुलिस ने बिछाया जाल
यह पूरी कार्रवाई डीएसपी (बागीदौरा) श्याम सिंह के निकटतम पर्यवेक्षण में आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई. पुलिस टीम सुबह के समय मानगढ़ बॉर्डर एरिया पर पूरी मुस्तैदी के साथ गश्त और नाकाबंदी कर रही थी. इसी दौरान आनंदपुरी की तरफ से आ रही एक संदिग्ध बोलेरो कार पुलिस को देखकर ठिठकी. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गाड़ी को रुकवाया और चालक को नीचे उतारा. पूछताछ में चालक ने अपना नाम पीयूष कुमार पिता लाला भाई डिण्डोर (निवासी बटक्वाड़ा, थाना संतरामपुर, जिला माहिसागर, गुजरात) बताया.
सीटों के नीचे छिपाकर रखी थी ‘फॉर सेल इन राजस्थान’ की शराब
जब पुलिस टीम ने बोलेरो गाड़ी की बारीकी से सघन तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर और सीटों के नीचे विशेष जगह बनाकर छिपाकर रखे गए कुल 17 कार्टन अवैध शराब व बीयर बरामद हुई. जब्त की गई इस पूरी खेप पर ‘FOR SALE IN RAJASTHAN ONLY’ (केवल राजस्थान में बिक्री के लिए) अंकित था. चालक के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिले.
पुलिस ने राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अवैध शराब की खेप और बोलेरो कार को जब्त कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी पीयूष कुमार से पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि यह शराब बांसवाड़ा में कहाँ से लोड की गई थी और गुजरात में इसे किस बड़े शराब माफिया को सप्लाई किया जाना था.

