डूंगरपुर जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ कलेक्ट्रेट के ठीक सामने स्थित एक दुकान में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. फिलहाल, युवक के आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
सुबह घर से दुकान के लिए निकला था युवक
कोतवाली थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) चंदूलाल ने बताया कि शहर के सुथारवाड़ा निवासी पार्थ सुथार ने मामले को लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट के अनुसार, मृतक नीरज सुथार कलेक्ट्रेट के सामने एल्युमिनियम का काम करता था और वहीं उसकी दुकान है. रोजाना की तरह आज सुबह करीब 8 बजे नीरज अपने घर से दुकान जाने के लिए निकला था.
पड़ोसी दुकानदार ने आधा खुला देखा शटर, उड़े होश

घटना का पता तब चला जब पास के ही एक पड़ोसी दुकानदार ने नीरज की दुकान का शटर आधा खुला हुआ देखा. अनहोनी की आशंका होने पर जब उसने दुकान के अंदर झांककर देखा, तो उसके होश उड़ गए. अंदर नीरज का शव फंदे से लटका हुआ था. पड़ोसी दुकानदार ने तुरंत इस बात की जानकारी आस-पास के लोगों और मृतक के परिजनों को दी.
अस्पताल की मोर्चरी में करवाया पोस्टमार्टम
कलेक्ट्रेट जैसे व्यस्त इलाके में दुकान के अंदर सुसाइड की खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाया और डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया. अस्पताल में पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिया है.
पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और युवक के मानसिक तनाव या आत्महत्या की अन्य वजहों को लेकर हर एंगल से गहराई से जांच कर रही है.

