Headlines

उदयपुर: नगर निगम का बड़ा एक्शन, जगन्नाथ रथयात्रा मार्ग से हटाए अवैध अतिक्रमण, भट्टियां और दो ट्रैक्टर सामान जब्त

उदयपुर ‘लेक सिटी’ में भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य और ऐतिहासिक रथयात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित तथा सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. रथयात्रा के मद्देनजर नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के सख्त निर्देश पर निगम की टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों पर एक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इस कार्रवाई के तहत देहली गेट, घांचीवाड़ा, तीज का चौक और धानमंडी जैसे भारी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अवैध अस्थायी अतिक्रमणों को हटाकर दो ट्रैक्टर सामान जब्त किया गया.

सुरक्षित रथयात्रा के लिए सड़कों को कराया अवरोधमुक्त

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा में प्रतिवर्ष देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और रथयात्रा मार्ग को पूरी तरह अवरोधमुक्त बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया. निगम की टीम ने पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सड़कों और सार्वजनिक रास्तों पर रखे अवैध सामान, केबिन और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली सामग्रियों को तुरंत जब्त कर लिया. कार्रवाई का नेतृत्व निगम के पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी ने किया. इस दौरान धानमंडी थाना अधिकारी सहित भारी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात रहा.

देहली गेट पर बीच सड़क जल रही भट्टियां जब्त

कार्रवाई के दौरान देहली गेट स्थित राजलक्ष्मी मिष्ठान भंडार के बाहर एक बेहद लापरवाह नजारा देखने को मिला. यहाँ सार्वजनिक स्थान पर लोहे की बेंच लगाकर दो बड़ी गैस भट्टियों पर खाने-पीने की सामग्री बनाई जा रही थी. मुख्य बाजार में हर समय भारी भीड़ रहती है, ऐसे में बीच सड़क जलती इन भट्टियों से कभी भी कोई बड़ा हादसा घटित हो सकता था. निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों चालू भट्टियों को लोहे की बेंच समेत मौके पर ही जब्त कर लिया.

दोबारा अतिक्रमण करने पर मिलेगी कड़ी सजा, आयुक्त ने की अपील

अभियान के दौरान निगम की टीम ने व्यापारियों और दुकानदारों को समझाइश दी और सख्त चेतावनी भी जारी की. अधिकारियों ने साफ कहा कि यदि दोबारा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किया गया, तो भारी जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने सभी शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे धार्मिक व सार्वजनिक आयोजनों के दौरान प्रशासन का सहयोग करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और निगम की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *