गुजरात में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ डूंगरपुर पुलिस की जिला विशेष टीम (DST) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. टीम ने बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान गुजरात ले जा रही करीब 3 लाख रुपए मूल्य की 40 पेटी अंग्रेजी शराब से भरी एक कार जब्त की है. हालांकि, पुलिस की मजबूत घेराबंदी को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहे.
मुखबिर की सूचना पर जंगल के रास्ते नाकाबंदी
जानकारी के अनुसार, डीएसटी को गुप्त सूचना मिली थी कि बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के पालीसोडा-पाटिया मार्ग पर जंगल के रास्ते से एक कार में अवैध शराब भरकर गुजरात भेजने की तैयारी चल रही है. इस पुख्ता इनपुट के बाद डीएसटी ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और रेकी शुरू की. सूचना सही पाए जाने पर डीएसटी प्रभारी एसआई मोहनपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने तुरंत पालीसोडा-पाटिया के जंगल मार्ग पर घेराबंदी कर नाकाबंदी लगा दी.
पत्थरों में फंसी कार, मोबाइल छोड़ भागा तस्कर
नाकाबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताई गई गुजरात नंबर की एक होंडा अमेज कार आती हुई दिखाई दी. पुलिस टीम को सामने देख ड्राइवर ने हड़बड़ाहट में कार को मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने का प्रयास किया. लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण कार रास्ते में पड़े बड़े पत्थरों के बीच फंस गई. गाड़ी फंसते ही तस्कर कार से उतरा और अंधेरे का फायदा उठाकर घने जंगल की तरफ भाग निकला.
40 पेटी शराब बरामद, बिछीवाड़ा पुलिस को सौंपी
पुलिस ने जब लावारिस हालत में छूटी कार की सघन तलाशी ली, तो उसके भीतर से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 40 पेटियां अंग्रेजी शराब और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. जब्त की गई इस अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए आंकी गई है. डीएसटी ने कार, शराब और मोबाइल को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए बिछीवाड़ा थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुलिस की मुख्य रास्तों पर मुस्तैदी को देखते हुए तस्कर गुजरात बॉर्डर पार करने के लिए इन कच्चे और जंगली रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार तस्कर की तलाश तेज कर दी है.

