Headlines

बांसवाड़ा: देर रात होटल में खाना खाने को लेकर बवाल, युवकों और स्टाफ में मारपीट, पुलिस थाने पहुंचा मामला

बांसवाड़ा शहर के प्रसिद्ध जलसा रेस्टोरेंट में देर रात खाना खाने पहुंचे युवकों और होटल कर्मचारियों के बीच तीखी बहस के बाद जमकर हंगामा हो गया. होटल बंद होने के बावजूद जबरन प्रवेश करने और खाने की मांग को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया. मामले को लेकर होटल संचालक ने कोतवाली थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई है.

होटल संचालक का आरोप: जबरन खोला गेट, की धक्का-मुक्की

होटल संचालक प्रकाश रेबारी के अनुसार, नियमानुसार होटल रोज रात 10:45 बजे बंद कर दिया जाता है. सोमवार देर रात करीब 12 बजे कुछ युवक पहुंचे और बंद होटल का गेट जबरन खोलकर अंदर घुस गए. जब कर्मचारियों ने खाना उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई, तो युवकों ने अड़बाजी शुरू कर दी और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की व हाथापाई की. घटना के बाद संचालक ने सोमवार दोपहर पुलिस में शिकायत दी.

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस का जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंचा और मामले को शांत कराया. कोतवाली थानाधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद होटल बंद होने के बाद खाना मांगने की बात पर हुआ था. पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई थी.

फिलहाल पुलिस होटल संचालक की रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *