Headlines

डूंगरपुर को मिली बड़ी सौगात: खुला पहला सरकारी आधार सेवा केंद्र, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं

डूंगरपुर आमजन की सुविधा और आधार सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने डूंगरपुर जिले में अपना पहला सरकारी आधार सेवा केंद्र शुरू कर दिया है. शहर के नवाडेरा मार्ग पर स्थित इस अत्याधुनिक केंद्र का औपचारिक उद्घाटन UIDAI के डिप्टी डायरेक्टर जनरल अविनाश अग्रवाल ने किया. कार्यक्रम के दौरान एक छोटे बच्चे का आधार कार्ड बनाकर केंद्र की सेवाओं का शुभारंभ किया गया.

एक ही छत के नीचे मिलेगी हर सुविधा

इस केंद्र की स्थापना से स्थानीय निवासियों को आधार संबंधी कार्यों के लिए जगह-जगह भटकना नहीं पड़ेगा. यहाँ नया आधार बनवाने, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर और पता संशोधन सहित सभी प्रमुख कार्य निर्धारित सरकारी शुल्क पर किए जाएंगे.

4 ऑपरेटर तैनात, ऑनलाइन टोकन बुकिंग की सुविधा

UIDAI के डिप्टी डायरेक्टर जनरल अविनाश अग्रवाल ने बताया कि केंद्र पर 4 ऑपरेटर तैनात किए गए हैं, जिससे काम में तेजी आएगी और लोगों का इंतजार का समय कम होगा. भीड़ से बचने के लिए नागरिक घर बैठे ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और टोकन बुक कर सकते हैं, जिससे निर्धारित समय पर आकर बिना कतार में लगे कार्य पूरा कराया जा सके.

निःशुल्क बायोमेट्रिक अपडेट और त्वरित निवारण

नियमानुसार 5 वर्ष और 18 वर्ष की आयु से पहले बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह से निःशुल्क रहेगा. आमजन की सहायता और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सेंटर मैनेजर और ऑपरेशन मैनेजर हमेशा मौजूद रहेंगे. इस केंद्र के खुलने से डूंगरपुर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *