बांसवाड़ा जिले के तलवाड़ा क्षेत्र में गत दिनों हुई एक युवक की आत्महत्या के मामले में अब एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है. मृतक के मोबाइल फोन से मिली कॉल रिकॉर्डिंग, अश्लील फोटो और चैट से साफ हो गया है कि आरोपियों द्वारा दी जा रही ब्लैकमेलिंग की धमकियों से तंग आकर ही युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया था.
सामागढ़ा मोड़ के पास हुई थी घटना
सदर थानाधिकारी रूपसिंह ने बताया कि गत 9 मई को डूंगरपुर रोड स्थित सामागढ़ा मोड़ के पास एक युवक (मोहनराम) ने सड़क किनारे खड़े ट्रक से रस्सी बांधकर खुदकुशी कर ली थी. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया था, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया. उस समय किसी को अंदेशा नहीं था कि इस मौत के पीछे ब्लैकमेलिंग का खेल चल रहा है.
अंतिम संस्कार के बाद वायरल हुए फोटो-वीडियो
अंतिम संस्कार के कुछ दिनों बाद क्षेत्र में मृतक के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल हुए. पुलिस ने जब मृतक के मोबाइल की डिजिटल जांच की, तो प्रताड़ना की पूरी सच्चाई सामने आ गई.
जांच में सामने आया कि 8 मई को मोहनराम ने अपने गांव के कृष्णाराम को रोते हुए कॉल किया था. उसने बताया कि हीराराम और पाबूराम उसके अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं और वह इस प्रताड़ना से टूट चुका है. उसने कहा था, “आज 8 मई का मेरा लास्ट कॉल है.” और अगले ही दिन उसने आत्महत्या कर ली.
दो आरोपी नामजद, BNS में मामला दर्ज
ऑडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हीराराम और बाबूराम उर्फ पाबूराम (निवासी बालोतरा) के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. आरोप है कि दोनों पैसों के लेन-देन और आपत्तिजनक तस्वीरों को लेकर युवक को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

