डूंगरपुर शहर के सिंटेक्स क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में धुत एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया. टंकी के टॉप पर पहुंचकर शराबी युवक ने जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा किया और अपने साथ थैले में भरकर ले गए पत्थरों को नीचे फेंकना शुरू कर दिया. सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने समझाइश और मुस्तैदी दिखाते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतारा और थाने ले गई.
डेरे में रहता है युवक, दो बार चढ़ा टंकी पर
मिली जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान विक्रम नाथ (पुत्र भंवर नाथ), निवासी विजयपुरा डेगोट (राजसमंद) के रूप में हुई है. वह वर्तमान में सिंटेक्स के पास ही तंबू लगाकर अपने समाज के लोगों के साथ डेरे में रहता है. सोमवार शाम को वह अत्यधिक शराब के नशे में अचानक पास ही स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया.
शुरुआत में उसके साथ तंबू में रहने वाले लोगों ने देख लिया और समझा-बुझाकर उसे नीचे उतार लिया. लेकिन थोड़ी ही देर बाद जब लोगों का ध्यान भटका, तो वह दोबारा तेजी से टंकी के शीर्ष पर जा पहुंचा.
थैले में भरकर लाया था पत्थर, पुलिस पर भी मचाया हंगामा
टंकी के टॉप पर पहुंचकर युवक ने चिल्लाना और हंगामा करना शुरू कर दिया. वह अपने साथ थैले में काफी संख्या में पत्थर भरकर ले गया था, जिन्हें वह एक-एक कर नीचे फेंकने लगा. राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने जब उसे नीचे आने को कहा, तो वह ऊपर से ही पुलिस पर भी चिल्लाने लगा. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने खुद टंकी पर चढ़कर कड़ी मशक्कत के बाद शराबी युवक को काबू में किया और सुरक्षित नीचे उतारा. फिलहाल पुलिस युवक को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है.

