भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) डूंगरपुर की टीम ने गुरुवार को सागवाड़ा क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. एसीबी ने ग्राम पंचायत फलातेड़ के ग्राम विकास अधिकारी (VDO) राजेन्द्र डामोर को टेंट व्यापारी से 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी वीडीओ ने पंचायत में कराए गए टेंट कार्य के बकाया बिल पास कराने के बदले यह घूस मांगी थी.
14 हजार के बिल पास करने के लिए मांगी थी घूस
डूंगरपुर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेंद्र जैन ने बताया कि पीड़ित टेंट व्यापारी ने फलातेड़ ग्राम पंचायत में टेंट का काम किया था, जिसके 14 हजार 100 रुपये के दो बिल बकाया थे. इन बिलों का भुगतान स्वीकृत करने की एवज में वीडीओ राजेन्द्र डामोर ने व्यापारी से 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी. परेशान होकर पीड़ित व्यापारी ने बुधवार को एसीबी चौकी डूंगरपुर पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
सत्यापन के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन करवाया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. सत्यापन के दौरान वीडीओ 3 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गया. रणनीति के तहत गुरुवार को जैसे ही पीड़ित व्यापारी ने फलातेड़ पंचायत भवन में वीडीओ राजेन्द्र डामोर को 3 हजार रुपये की रिश्वत राशि सौंपी, इशारा मिलते ही पहले से तैनात एसीबी टीम ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ धर दबोचा.
मौके से रिश्वत राशि बरामद, पूछताछ जारी
कार्रवाई के दौरान आरोपी वीडीओ के पास से रिश्वत के 3 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं. एसीबी एएसपी राजेन्द्र जैन के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पंचायत भवन में हड़कंप मच गया. फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ में जुटी हुई है.

