राजस्थान की डूंगरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जिला विशेष टीम (DST) और रामसागड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे 10,000 रुपये के इनामी कुख्यात शराब तस्कर शैलेश कोठारी को उदयपुर से धर दबोचा है. पकड़ा गया आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था.
वर्ष 2021 के आबकारी मामले में था वांछित
पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई. पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में थाना रामसागड़ा पुलिस ने हिम्मतपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप से 164 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की थी. इस मामले में गाड़ी मालिक और चालकों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य साजिशकर्ता शैलेश कोठारी (निवासी श्रीमाल नर्सरी कॉलोनी, डूंगरपुर) तभी से फरार चल रहा था.
राजस्थान और गुजरात में कुल 19 मामले दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शैलेश कोठारी एक आदतन शराब तस्कर है, जिसके खिलाफ राजस्थान और गुजरात के विभिन्न पुलिस थानों में कुल 19 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं.
- गुजरात राज्य: आरोपी गुजरात के आणंद (भालेज), साबरकांठा (हिम्मतनगर), दाहोद (पिपलोद), महीसागर (बाकोर) और अहमदाबाद ग्रामीण (कणभा) पुलिस थानों के करीब आधा दर्जन मामलों में वांछित था.
- राजस्थान राज्य: आरोपी के खिलाफ डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा, सागवाड़ा और रामसागड़ा थानों में शराब तस्करी के मामले दर्ज हैं.
साइबर सेल और DST की सतर्कता से चढ़ा हत्थे
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींवसिंह और वृत्ताधिकारी मदनलाल बिश्नोई के सुपरविजन तथा थानाधिकारी कैलाश पंचारिया के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी खुफिया तंत्र और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की. इसके बाद टीम ने उदयपुर में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल, पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क और अन्य साथियों का पर्दाफाश होने की संभावना है.

