Headlines

उदयपुर: मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, हॉस्टल में पानी-बिजली की किल्लत पर 4 छात्र भूख हड़ताल पर बैठे

मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी (MLSU) में मूलभूत सुविधाओं की कमी और विविध मांगों को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित छात्रों ने यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की. इस दौरान 4 छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. छात्रों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे.

हॉस्टल में पानी-बिजली की भारी किल्लत

भूख हड़ताल पर बैठे छात्रनेता सूर्यपाल सिंह और छात्रा प्रेरणा नागदा ने बताया कि यूनिवर्सिटी के गर्ल्स और बॉयज हॉस्टल की हालत बदतर हो चुकी है. हॉस्टल में बिजली की बार-बार कटौती से भीषण गर्मी में पढ़ाई प्रभावित हो रही है. बिजली न रहने से पानी की मोटर नहीं चल पाती, जिससे पानी की टंकियाँ खाली रहती हैं.

इसके अलावा, आर्ट्स और लॉ कॉलेज में वाटर कूलर की समय पर सफाई न होने से छात्र गंदा पानी पीने को मजबूर हैं. हॉस्टल की इमारतें जर्जर हो चुकी हैं और दूर-दराज़ से आने वाले अभिभावकों के लिए बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं है.

मराठी भाषा के विरोध में लगे नारे, राजस्थानी को प्राथमिकता देने की मांग

प्रदर्शन के दौरान मराठी भाषा केंद्र खोलने की चर्चाओं का भी कड़ा विरोध किया गया. छात्र नेता कैलाश गुर्जर ने कहा कि राजस्थान की यूनिवर्सिटीज में राजस्थानी भाषा को महत्व मिलना चाहिए, न कि मराठी को. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूनिवर्सिटी में ऐसा कोई केंद्र खोला गया, तो छात्र उस पर ताला जड़ देंगे.

साथ ही छात्रनेता दीपेश गुर्जर ने जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग रखी, ताकि छात्र अपनी आवाज़ शासन और प्रशासन तक मजबूती से पहुँचा सकें.

पुलिस की समझाइश रही बेअसर

हंगामे की सूचना मिलते ही प्रताप नगर थानाधिकारी अजयसिंह राव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुँचे. उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से बात कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और “हमारी मांगें पूरी करो” व “आवाज़ दो, हम एक हैं” के नारे लगाते रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *