डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जिला परिषद कार्यालय में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. ड्यूटी के दौरान कार्यालय की छत से नीचे गिरने के कारण एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मौत हो गई. हादसे के बाद गंभीर हालत में कर्मचारी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है.
बाथरूम जाने के दौरान हुआ हादसा
कोतवाली थाने के एएसआई महेश कुमार ने बताया कि फूटी तलाई पातली निवासी हितेश परमार ने थाने में एक रिपोर्ट सौंपी है. रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पिता रूपलाल परमार पिछले 10 वर्षों से जिला परिषद डूंगरपुर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे.
मंगलवार रात करीब 10:15 बजे रूपलाल परमार जिला परिषद कार्यालय में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान जब वे बाथरूम जाने के लिए निकले, तो अचानक असंतुलित होकर छत से नीचे गिर पड़े.
सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटें
छत से नीचे गिरते ही रूपलाल परमार के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं. हादसे की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोग और साथी कर्मचारी तुरंत दौड़े और उन्हें एंबुलेंस की मदद से डूंगरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुँचे. अस्पताल में आपातकालीन इकाई के डॉक्टरों ने गहन जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में मोर्चरी में परिजनों की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए गहन जाँच कर रही है.

