Headlines

डूंगरपुर: विश्व आदिवासी दिवस पर दिखेगा आदिवासी संस्कृति का रंग, स्पोर्ट्स ग्राउंड में होगा भव्य आयोजन

डूंगरपुर विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के स्पोर्ट्स ग्राउंड में भव्य और रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस वृहद आयोजन को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं. इस बार समारोह में आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, कला और अनूठी परंपराओं की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी.

छत्तीसगढ़ का ‘रेला पाटा’ और गुजरात का ‘राठवा नृत्य’ रहेगा मुख्य आकर्षण

आयोजन समिति के अनुसार, इस बार का कार्यक्रम सांस्कृतिक दृष्टिकोण से बेहद खास होने वाला है. समारोह में छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध ‘रेला पाटा’ सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति देगा. इसके साथ ही गुजरात के छोटा उदयपुर से पधारे राठवा समाज का पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी दर्शकों और आमजन के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा.

हथियार न लाने और हेलमेट पहनकर आने की अपील

आदिवासी समाज के प्रतिनिधि अनुतोष रोत और पोपट खोखरिया ने बताया कि विश्व आदिवासी दिवस को पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया जाएगा. उन्होंने समाजबंधुओं से अपील की है कि कार्यक्रम में कोई भी व्यक्ति धारदार या पारंपरिक हथियार लेकर न आए. साथ ही, दोपहिया वाहनों से आने वाले सभी लोग अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात व कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें.

युवा संभालेंगे यातायात, शांतिपूर्ण आयोजन की तैयारी

कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने के लिए भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के युवा कार्यकर्ताओं को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. ये युवा ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर मैदान की व्यवस्थाओं को संभालने में सहयोग करेंगे. आयोजकों ने जिले भर के समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *