उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित कपिल विहार कॉलोनी से एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. पुरानी रंजिश के चलते तीन गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने कॉलोनी में भारी उत्पात मचाया और गाड़ियों में तोड़फोड़ की. इसी दौरान घर के बाहर खड़ी महिला को एक तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो ने बेरहमी से कुचल दिया. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

रंजिश में पहुंचे थे 3 गाड़ियों में सवार बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका उर्मिला कुंवर के बेटे का आरोपियों से पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के तहत आरोपी एक काली स्कॉर्पियो और दो थार गाड़ियों में सवार होकर अचानक कपिल विहार पहुंचे. कॉलोनी में दाखिल होते ही बदमाशों ने वहां खड़ी गाड़ियों पर पत्थरों से हमला कर तोड़फोड़ शुरू कर दी और पूरे इलाके में दहशत फैला दी.
बाहर निकली महिला पर चढ़ा दी स्कॉर्पियो, सीसीटीवी में कैद घटना
शोर-शराबा सुनकर जब उर्मिला कुंवर अपने घर से बाहर आईं, तो बदमाशों की नीयत और खराब हो गई. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक काली स्कॉर्पियो अचानक महिला की तरफ तेजी से आती है और उन्हें सीधी टक्कर मारते हुए रौंदकर निकल जाती है. इस भयानक हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्होंने दम तोड़ दिया.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मृतका के शव को मोर्चरी में रखवाया है. थाना पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों और प्रयुक्त वाहनों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

