बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमलीया गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. अपने घर के बाहर बैठी एक महिला पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला के पैर और शरीर पर गहरे घाव हो गए. अत्यधिक खून बहने के कारण गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत बांसवाड़ा के महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
बच्चे को दूध पिलाते समय हुआ अचानक हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान सेमलीया निवासी पारस पत्नी प्रवीण के रूप में हुई है. घायल महिला के पति प्रवीण ने बताया कि शनिवार सुबह पारस अपने घर के बाहर बैठी हुई थी और अपने मासूम बच्चे को दूध पिला रही थी. इसी दौरान वहां एक कुत्ता आया. शुरुआत में कुत्ता वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही मिनटों में वह वापस लौटा और पीछे से महिला पर झपट पड़ा.
शरीर पर आए गंभीर घाव, एमजी अस्पताल में उपचार जारी
अचानक हुए इस हिंसक हमले से महिला संभल नहीं पाई और चीख-पुकार मच गई. कुत्ते ने महिला के पैर में गहरा काट लिया, जिससे उसके शरीर पर दो जगह गंभीर चोटें आईं. महिला की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया.
घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में घायल महिला को एंबुलेंस व निजी वाहन की मदद से जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी अस्पताल ले गए. फिलहाल एमजी अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में महिला का प्राथमिक उपचार और रेबीज का इंजेक्शन लगाकर इलाज किया जा रहा है. गांव में आवारा कुत्तों के बढ़ते खौफ को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से नियंत्रण की मांग की है.

