डूंगरपुर जिले में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर हो रही झमाझम बारिश ने जहां मौसम सुहाना कर दिया है, वहीं जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त भी कर दिया है. साबला और आसपुर क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण बांसवाड़ा-उदयपुर मुख्य स्टेट हाईवे पर भारी जलभराव हो गया. हाईवे पर कई फीट पानी भर जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे वाहन चालकों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
कारें और बसें आधी डूबीं, हाईवे पर लगा जाम


साबला में मूसलाधार बारिश के बाद स्थिति इतनी विकट हो गई कि मुख्य मार्ग पर खड़ी कारें और बसें आधी-आधी पानी में डूब गईं. सड़क पर जलभराव के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों के पहिये पूरी तरह थम गए. पानी के तेज बहाव और जलजमाव की वजह से मुख्य रास्ते से निकलना बेहद जोखिमभरा हो गया.
पुरानी व खस्ताहाल गलियों से गुजरने को मजबूर आपातकालीन वाहन
हाईवे बंद होने का सबसे ज्यादा खामियाजा आपातकालीन सेवाओं और स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ा. मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस और मासूम बच्चों से भरी स्कूल बसों को मजबूरी में साबला गांव के अंदरूनी व पुराने रास्तों से गुजारना पड़ा.
हालांकि, गांव के यह आंतरिक संपर्क मार्ग भी पहले से ही बेहद जर्जर और खस्ताहाल हैं. गड्ढों और कीचड़ से भरे संकरे रास्तों के बीच से वाहनों को निकालने में चालकों को भारी मशक्कत करनी पड़ी. जर्जर गलियों में वाहनों के फंसने और पलटने की आशंका से दिनभर हादसों का खतरा बना रहा. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है.

