डूंगरपुर कोतवाली थाना पुलिस ने नकबजनी और चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं. पूछताछ में आरोपी ने राजस्थान और गुजरात के विभिन्न शहरों में चोरी व नकबजनी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है.
सीसीटीवी में गले के टैटू से हुई पहचान
कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कलाल घाटा निवासी हाजा उर्फ गोविंद (26) पुत्र बबला रोत मीणा के रूप में हुई है. आरोपी को 8 जुलाई की रात एक किराना दुकान में चोरी के प्रयास के मामले में पकड़ा गया था. दुकानदार द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी के गले पर ‘तीन स्टार’ जैसा विशेष टैटू दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसे धर दबोचा.
दिन में रेकी और रात में वारदात
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने भंडारिया फला नीचला स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में हुई चोरी की वारदात कबूल की. आरोपी ने बताया कि वह दिन के समय सूने मकानों और दुकानों की रेकी करता था और रात के अंधेरे में ताले व शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देता था.
राजस्थान और गुजरात में कबूलीं कई चोरियां
पूछताछ के दौरान आरोपी ने गुजरात के अहमदाबाद (सत्ताधार, सरखेज और झांसी की रानी रोड) में मकानों से सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी करने तथा लूट की बात स्वीकार की है. इसके अलावा, उसने दो महीने पहले रामसागड़ा क्षेत्र के माड़ा गांव की एक ज्वेलरी दुकान से 500 ग्राम चांदी चोरी करने और हाल ही में उदयपुर में एक मकान का ताला तोड़ने के प्रयास की बात भी कबूली है.
पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में चोरी के जेवर बरामद कर लिए हैं. आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदातें करना स्वीकार किया है, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.

