बांसवाड़ा जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए वृद्ध महिला की हत्या करने वाले आरोपी दामाद को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ झगड़ा होने और उसके पीहर चले जाने से आक्रोशित होकर अपनी सास पर जानलेवा हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई.
विवाद के बाद रची हत्या की साजिश
मामले के अनुसार, 15 अगस्त को प्रार्थीया लक्ष्मी (उम्र 30 वर्ष, निवासी भूत महुड़ा) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी मां मृतका ललिता डाबी (60 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड, बांसवाड़ा) पर उसके बहनोई आरोपी संजू उर्फ संजय डिण्डोरे (32 वर्ष, निवासी लोधा) ने लोहे के रिंग पाने से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी. वारदात के पीछे मुख्य कारण आरोपी का अपनी पत्नी से विवाद और पत्नी का पीहर में आकर रहना था.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी सलाखों के पीछे
हत्या की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में थानाधिकारी नागेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और 24 घंटे के भीतर आरोपी संजू उर्फ संजय पिता कालूराम डिण्डोरे भील को धर दबोचा. आरोपी से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ जारी है.
सराहनीय पुलिस टीम
इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी नागेंद्र सिंह राठौड़ के साथ एएसआई महिपाल सिंह, हेड कांस्टेबल दिगपाल सिंह (दोनों का विशेष योगदान), कृष्णपाल सिंह, इन्द्रजीत सिंह, भानुप्रताप सिंह तथा कांस्टेबल पुजीलाल व जगपाल सिंह शामिल रहे. बांसवाड़ा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है.

