Headlines

उदयपुर: बेकरिया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे तस्कर की कार से 127 किलो डोडा चूरा जब्त

उदयपुर जिले की बेकरिया थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 127 किलोग्राम 690 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है. इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ब्रेजा कार को भी जब्त कर लिया गया है.

नाकाबंदी देखकर भागने लगा तस्कर

थानाधिकारी रामावतार मीणा ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम थाना बेकरिया के सामने नेशनल हाईवे-27 (उदयपुर से पिंडवाड़ा मार्ग) पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और नाकाबंदी कर रही थी. इसी दौरान उदयपुर की तरफ से एक तेज रफ्तार सफेद रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी. पुलिस टीम ने जब कार चालक को रुकने का इशारा किया, तो वह घबरा गया और कार की रफ्तार बढ़ाते हुए नाकाबंदी तोड़कर पिंडवाड़ा की ओर भागने लगा.

कार छोड़कर जंगलों में फरार हुआ आरोपी

नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर का पीछा पुलिस टीम ने तुरंत अपनी सरकारी बोलेरो गाड़ी से किया. खुद को घिरता देख तस्कर ने कार को मुख्य मार्ग से हटाकर कच्चे रास्ते से खेतों की तरफ मोड़ दिया. कुछ दूरी पर जाकर जब गाड़ी आगे नहीं बढ़ सकी, तो आरोपी चालक कार को मौके पर ही छोड़कर पास के घने जंगलों और पहाड़ियों की तरफ भाग निकला. पुलिस ने इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन भौगोलिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर आरोपी अंधेरे और घने जंगल में गायब हो गया.

7 कट्टों में भरा मिला 127.690 किलो डोडा-चूरा

पुलिस टीम ने जब लावारिस हालत में मिली ब्रेजा कार की गहनता से तलाशी ली, तो उसमें से 7 प्लास्टिक के काले कट्टे बरामद हुए. कट्टों को खोलकर देखने पर उनमें अवैध अफीम डोडा चूरा भरा हुआ पाया गया. पुलिस द्वारा मौके पर डोडा चूरा का वजन कराने पर कुल मात्रा 127 किलो 690 ग्राम पाई गई.

पुलिस ने मादक पदार्थ और ब्रेजा कार को जब्त कर लिया है. मामले में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. कार के नंबरों और दस्तावेजों के आधार पर फरार चालक और तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *