सलूंबर जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर नाकाबंदी तोड़कर भाग रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो को पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में अपनी गाड़ी से टक्कर मारकर रोक लिया. पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में डोडा चूरा, एक पिस्तौल और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है.
नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर, पुलिस ने किया पीछा
पुलिस अधीक्षक विशनाराम बिश्नोई के निर्देश पर मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इसी बीच सलूंबर साइबर सेल को तस्करों की मूवमेंट की गुप्त सूचना मिली. इस पर सलूंबर डीएसटी, साइबर सेल, सलूंबर और परसाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने खेरवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर निगरानी बढ़ाई. अलसुबह संदिग्ध स्कॉर्पियो आते दिखी, जिसे परसाद क्षेत्र में पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर तेज रफ्तार में गाड़ी भगा ले गया.
टक्कर मारकर रोकी गाड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीमों ने तुरंत स्कॉर्पियो का पीछा किया. आगे जाकर डीएसटी टीम ने अपनी गाड़ी से स्कॉर्पियो को टक्कर मारकर रोक दिया. गाड़ी रुकते ही दोनों तस्कर पैदल भागने लगे, जिन्हें जवानों ने दौड़ाकर दबोच लिया. तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा और एक पिस्तौल बरामद हुई.
क्रेटा से एस्कॉर्ट कर रहा साथी फरार
जांच में सामने आया कि तस्करों की स्कॉर्पियो के आगे एक क्रेटा कार चल रही थी, जो उन्हें एस्कॉर्ट कर रही थी. स्कॉर्पियो के पकड़े जाने पर क्रेटा सवार तस्कर डिवाइडर लांघकर उल्टी दिशा में गाड़ी भगा ले गया. पुलिस ने रास्ते में ट्रक खड़े करवाकर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गया. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मुख्य सप्लायर और खरीददारों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.

