Headlines

बांसवाड़ा: दशा माता विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं का ट्रैक्टर पलटा, 10 लोग घायल

बांसवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. पांचलवासा के पास दशा माता की मूर्ति का विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत 10 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हड़कंप का माहौल बन गया.

विसर्जन के बाद लौट रहे थे घर

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के तीन महुडी गांव के निवासी और अन्य ग्रामीण दशा माता की मूर्ति का विसर्जन करने के लिए पास की नदी पर गए हुए थे. पूजा-अर्चना और विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे. जब ट्रैक्टर पांचलवासा के पास पहुंचा, तभी अचानक असंतुलित होकर ट्रॉली सड़क पर ही पलट गई.

निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती, पुलिस जाप्ता तैनात

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को निजी वाहनों से महात्मा गांधी अस्पताल (एमजी अस्पताल) और शहर के निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही सदर थानाधिकारी रूप सिंह चारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घायलों की सहायता और इलाज की व्यवस्था के लिए कोतवाली और सदर थाने का पुलिस जाप्ता एमजी अस्पताल और आनंद अस्पताल में तैनात किया गया है.

कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस

सदर थानाधिकारी रूप सिंह चारण ने बताया कि हादसे में 8 से 10 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है. सभी का इलाज जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलते ही पुलिस मामले में आगे की नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *