Headlines

प्रतापगढ़: बस और कार की टक्कर में सास-दामाद की मौत, पत्नी और दो मासूम बच्चे गंभीर

प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना क्षेत्र स्थित फरेडी फंटा पर सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया. श्रद्धालुओं से भरी एक कार और निजी बस के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में सास और दामाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, कार में सवार मृतक की पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

मंदिर में दर्शन कर लौट रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार, कार सवार परिवार प्रतापगढ़ स्थित प्रसिद्ध गौतमेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद अपने घर लौट रहा था. शाम करीब 5 बजे फरेडी फंटा के पास सामने से आ रही निजी बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.

हादसे में सास-दामाद की मौत, बच्चे और पत्नी गंभीर

हादसे में मध्य प्रदेश के जावरा (बन्नवाड़ा) निवासी सुनील जायसवाल (44) और चित्तौड़गढ़ निवासी उनकी सास की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, सुनील की पत्नी प्रियंका जायसवाल (30), बेटी शीवी (3.5 वर्ष) और 1.5 वर्षीय बेटा अथर्व गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले ही सुनील ने रास्ते में बच्चों के लिए खिलौने भी खरीदे थे.

प्राथमिक उपचार के बाद मंदसौर रेफर

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला. ग्रामीणों ने निजी वाहनों की मदद से घायलों को तुरंत अरनोद अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल और फिर मध्य प्रदेश के मंदसौर रेफर कर दिया गया.

पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचा

सूचना मिलते ही अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा, तहसीलदार देवहिंग और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अरनोद अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *