बांसवाड़ा रक्षाबंधन का त्योहार एक परिवार के लिए मातम में बदल गया. अपने भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर घर लौट रही बहन की शुक्रवार शाम सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. हादसा गनोड़ा-घाटोल मार्ग पर गुंदी वाली रेड के पास हुआ, जहां कार और बाइक की भीषण आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे में मृतका का बेटा और भाभी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
भाई के घर से सलूंबर लौट रही थी मृतका
मोटागांव थानाधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया कि सलूंबर निवासी राजकुंवर (पत्नी कल्याण सिंह) अपने पुत्र युवराज सिंह के साथ नांगवाला में अपने भाई लक्ष्मण सिंह के घर राखी बांधने आई थी. राखी बांधने के बाद वह बेटे के साथ बाइक पर वापस सलूंबर लौट रही थी. उनके साथ भाभी हिना कुंवर भी गनोड़ा तक आने के लिए बाइक पर बैठी थीं. शाम करीब 6:30 बजे गुंदी वाली रोड के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
10 फीट दूर खेत में जा गिरी बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक हवा में उछलकर सड़क से करीब 10 फीट दूर खेत में जा गिरी. दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और दोनों वाहनों के पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए. हादसे में राजकुंवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि युवराज और हिना कुंवर गंभीर रूप से घायल हो गए.
कार चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर यातायात सुचारू कराया.

वारदात के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतका का शव बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा. पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है.

