Headlines

बांसवाड़ा: गढ़ी में पुरानी रंजिश में बाइक सवार पर हमला, शराब की बोतल से वार कर युवक को किया गंभीर घायल; उदयपुर रेफर

बांसवाड़ा गढ़ी थाना क्षेत्र के आमजा गांव के पास गुरुवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. बाइक से जा रहे युवक को रास्ते में रोककर दबंगों ने शराब की बोतल से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

सामान लेने निकला था युवक, रास्ते में घेरा

जानकारी के अनुसार पाटिया डुंगरा निवासी गणेश पुत्र जगजी गुरुवार शाम घर का जरूरी सामान लेने के लिए निकला था. जैसे ही वह आमजा गांव के पास पहुंचा, तभी पूर्व से घात लगाए बैठे शराबी युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे जबरन रोक लिया. आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए गणेश के साथ जमकर मारपीट की और कांच की बोतल से उसके सिर व आंख के पास जोरदार हमला कर दिया. हमले में युवक की आंख के पास गहरा घाव हुआ है तथा सिर पर 6 टांके आए हैं.

राहगीरों ने एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़े युवक को देख राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी. घायल को पहले परतापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने आधी रात को उसे महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल बांसवाड़ा रेफर कर दिया. बांसवाड़ा में स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर भेजा है.

दोनों पक्षों की रिपोर्ट, पीड़ित खुद है हिस्ट्रीशीटर

गढ़ी थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि एक होटल पर आपसी कहासुनी के बाद यह विवाद बढ़ा था. पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल गणेश गढ़ी थाने का हिस्ट्रीशीटर है. घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दी गई है, जिस पर पुलिस निष्पक्षता से अनुसंधान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *