डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में एक बेटे द्वारा पिता की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने जमीन बेचने के विवाद में अपने ही पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर मौत के घाट उतार दिया था. वारदात के बाद उसने पूरे मामले को हादसा दर्शाने के लिए छत से गिरकर मौत होने की झूठी कहानी रची थी.
जमीन बेचने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सागवाड़ा थाना क्षेत्र निवासी गौतम यादव और उनके बेटे कांतीलाल यादव के बीच पिछले कुछ समय से जमीन बेचने को लेकर अनबन चल रही थी. इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सिरफिरे बेटे कांतीलाल ने आवेश में आकर पिता गौतम यादव पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
अंतिम संस्कार से पहले खुला राज
पिता को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी बेटे ने शातिराना अंदाज में परिजनों और ग्रामीणों को बताया कि पिता की मौत मकान की छत से गिरने के कारण हुई है. परिवार के सदस्य हादसे की बात मानकर अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुट गए थे. हालांकि, अंतिम संस्कार से ठीक पहले जब मृतक के शरीर को स्नान कराया जा रहा था, तब परिजनों ने उनके सिर, कान और हाथ की उंगलियों पर कुल्हाड़ी के गहरे घाव देखे. चोट के निशान देखकर परिजनों को अनहोनी का शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही सागवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने जब संदिग्ध परिस्थितियों में परिजनों से पूछताछ की, तो बेटा कांतीलाल बार-बार अपने बयान बदलने लगा. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने जमीन विवाद में पिता की हत्या करने का गुनाह कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी कांतीलाल को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है.

