Headlines

प्रतापगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: हिस्ट्रीशीटर अजब खान की ₹2.82 करोड़ की बेनामी संपत्ति फ्रीज, 5 गाड़ियां और 2 फार्म हाउस शामिल

प्रतापगढ़ जिले में नशा तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है. अरनोद थाना क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी अजब खान की करीब 2 करोड़ 82 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को पुलिस ने धारा 68 (NDPS एक्ट) के तहत फ्रीज कर दिया है.

बेनामी संपत्तियों पर भी पुलिस का हंटर

प्रतापगढ़ एसपी विशाल जांगिड़ ने बताया कि पुलिस जांच में सबसे अहम बात यह सामने आई कि अजब खान ने अवैध कमाई को छुपाने के लिए कई संपत्तियां दूसरों के नाम (बेनामी) करा रखी थीं. हालांकि, उन संपत्तियों पर वास्तविक कब्जा और इस्तेमाल अजब खान का ही था. पुलिस ने गहन छानबीन के बाद इन बेनामी संपत्तियों को भी चिन्हित कर फ्रीजिंग ऑर्डर प्राप्त किया और कार्रवाई के दायरे में लिया.

फ्रीज की गई संपत्तियों का ब्योरा

पुलिस द्वारा फ्रीज की गई ₹2.82 करोड़ की संपत्ति में निम्नलिखित शामिल हैं:

  • अचल संपत्ति: 2 शानदार फार्म हाउस और 1 रिहायशी मकान.
  • चल संपत्ति (वाहनों की फौज): 2 चार पहिया वाहन, 4 मोटरसाइकिल और 1 ट्रैक्टर.

13 गंभीर मुकदमे दर्ज, 5 मामले नशा तस्करी के

अरनोद थाने का हिस्ट्रीशीटर अजब खान जिले का चिन्हित हार्डकोर अपराधी है. उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 13 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 5 मुकदमे मादक पदार्थों की तस्करी (एनडीपीएस एक्ट) से जुड़े हैं. आरोप है कि उसने नशा तस्करी के काले कारोबार से करोड़ों की यह जायदाद खड़ी की थी.

आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

एसपी विशाल जांगिड़ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में नशा तस्करी और संगठित अपराध में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. अपराधियों द्वारा दूसरों के नाम पर रखी गई संपत्तियों की भी लगातार जांच की जा रही है. आने वाले दिनों में अन्य तस्करों के खिलाफ भी ऐसी ही कठोर आर्थिक कार्रवाई देखने को मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *