डूंगरपुर सदर थाना क्षेत्र के सती रामपुर गांव में देर रात किराना दुकान में चोरी की एक बड़ी कोशिश दुकानदार की सूझबूझ से नाकाम हो गई. बदमाशों ने दुकान की दीवार में बड़ा छेद (नकब) करके सामान बाहर निकाल लिया था. हालांकि, दुकानदार ने घर बैठे मोबाइल पर CCTV लाइव फुटेज देख ली और मौके पर पहुंच गया, जिससे डरकर तीन बदमाश सामान छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों के रास्ते पहाड़ी की ओर भाग निकले.
लाइव फुटेज देख उड़े होश, परिजनों संग दौड़ा दुकानदार

सती रामपुर निवासी पीड़ित व्यापारी जितेंद्र कलाल ने बताया कि बस स्टैंड के पास उनकी किराना दुकान है. रोजाना की तरह वह देर रात करीब 2:30 बजे मोबाइल पर दुकान के CCTV कैमरे की लाइव फुटेज चेक कर रहे थे. तभी उन्हें दुकान के पीछे संदिग्ध हलचल दिखाई दी. उन्होंने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी और खुद बेटे सागर व भाई महेश के साथ दुकान की तरफ दौड़े.
दीवार में छेद कर बाहर निकाला सामान

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि तीन नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे थे. एक बदमाश बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि दो दीवार तोड़कर अंदर घुसे हुए थे. परिजनों की आहट मिलते ही तीनों बदमाश सामान वहीं छोड़कर फरार हो गए. बदमाशों ने दुकान की मजबूत दीवार में बड़ा छेद कर रखा था और काफी सामान चोरी करने के लिए बाहर भी निकाल लिया था.
सालभर पहले भी हुई थी लाखों की चोरी, व्यापारियों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई पोपटलाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. व्यापारियों ने बताया कि इसी दुकान में करीब एक साल पहले भी लाखों की चोरी हो चुकी है, जिसका आज तक सुराग नहीं लगा. दोबारा हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है. पुलिस ने मामला दर्ज कर नकाबपोश चोरों की तलाश शुरू कर दी है.

