Headlines

बांसवाड़ा: घर के बाहर खड़ी बाइक ले उड़े शातिर चोर, CCTV में कैद हुई करतूत; कोतवाली थाने में मामला दर्ज

बांसवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली मुस्लिम कॉलोनी में रविवार तड़के वाहन चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. चोरों ने घर के बाहर खड़ी हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया. यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तीन बदमाश बाइक को ले जाते हुए साफ नजर आ रहे हैं. घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

रात 2 बजे खड़ी की थी गाड़ी, सुबह 5 बजे मिली गायब

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांसवाड़ा शहर की मुस्लिम कॉलोनी निवासी पीड़ित बिलाल मोहम्मद ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने अपनी काले रंग की हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल रविवार रात करीब 2:00 बजे अपने घर के बाहर सुरक्षित खड़ी की थी. जब वे सुबह करीब 5:00 बजे जागे और बाहर आकर देखा तो बाइक गायब थी.

CCTV फुटेज में दिखे तीन बदमाश

वाहन गायब मिलने पर पीड़ित ने आसपास और पड़ोस में गाड़ी की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद जब कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें तड़के 5:00 बजे तीन अज्ञात बदमाश बाइक को उठाकर ले जाते हुए कैद दिखाई दिए.

पुलिस में शिकायत दर्ज, जल्द कार्रवाई की मांग

पीड़ित का कहना है कि इस तरह सरेआम वाहन चोरी होना सुरक्षा के लिहाज से काफी चिंताजनक है. पीड़ित बिलाल ने बांसवाड़ा कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और बाइक जल्द बरामद करने की गुहार लगाई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *